संकट मोचन हनुमान जी मंदिर उचेहरा में चोरी का उचेहरा पुलिस ने किया खुलासा
उचेहरा पुलिस ने संकट मोचन हनुमान जी मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी सतीश मिश्रा की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।
घटना 13 मई, 2025 की रात को हुई, जब अज्ञात चोर ने मंदिर के तीन ताले तोड़कर दान पेटी से नकदी, चार फूलों के घड़ियाल, पीतल की महा आरती, फूल की थाली, लोटा, और घंटा चुरा लिया। मंदिर के पुजारी श्याम बिहारी पांडे को सुबह 5 बजे सूचना मिली कि मंदिर के दरवाजे खुले हैं। फरियादी बृज बिहारी पांडे ने थाने में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 149/25, धारा 305(द), 331(2) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिषेक वर्मा (23) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चुराया गया सामान, जिसकी कीमत 13,150 रुपये है, बरामद किया गया ।











