ग्राम पंचायत में खुली रिश्वत की दुकान: सचिव बृजेश तिवारी 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए, लोकायुक्त रीवा की टीम ने की कार्रवाई
अनूपपुर। जिले के बदरा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चुकान में पुलिया निर्माण के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पंचायत सचिव बृजेश तिवारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए मंगलवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। टीम ने सचिव को पकड़ने के बाद भालूमाड़ा रेस्ट हाउस ले जाकर पूछताछ शुरू की है।लोकायुक्त पुलिस को फरियादी राजेंद्र सोनी और शिव शंकर प्रजापति ने शिकायत दी थी कि सचिव तिवारी पुलिया निर्माण की स्वीकृति दिलाने के लिए पहले 5 हजार रुपए ले चुके हैं और शेष 15 हजार की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त की 15 सदस्यीय टीम ने योजना बनाकर ट्रैप किया। मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे जैसे ही फरियादी ने सचिव को 15 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर बृजेश तिवारी को रिश्वत की रकम सहित रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार सचिव को तुरंत भालूमाड़ा रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।टीम के अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई के लिए सभी दस्तावेज और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
ए एस मरावी, विवेचक लोकायुक्त रीवा











