मरीज छोड़कर लौट रहे जननी एक्सप्रेस ड्राइवर ने सड़क हादसे में घायलों की बचाई जान समय रहते अस्पताल पहुंचाने से टली अनहोनी
अनूपपुर। जिले के जैतहरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत पचहुआ के पास एक सराहनीय मानवीय पहल देखने को मिली, जब जननी एक्सप्रेस 108 एंबुलेंस के ड्राइवर दीप नारायण पाठक ने सड़क पर पड़े घायलों की मदद कर एक बड़ा फर्ज निभाया।
जानकारी के अनुसार दीप नारायण पाठक मरीज को अस्पताल छोड़कर लौट रहे थे, तभी पचहुआ के समीप दो युवक दीपक यादव (23 वर्ष) एवं किसान यादव (25 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG10-W-5467 से अनियंत्रित होकर गिर गए। घटना देखकर एंबुलेंस चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन रोका और दोनों घायलों को एंबुलेंस में बिठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी पहुंचाया।
चिकित्सकों द्वारा दोनों युवकों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण बड़ी अनहोनी टल गई।
स्थानीय लोगों एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस चालक दीप नारायण पाठक की मानवीय संवेदना व त्वरित सहायता की प्रशंसा की जा रही है।











