सोशल मीडिया पर झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी
शादी का वादा, फिर शारीरिक शोषण — आरोपी निकला इंडियन ऑयल में मैनेजर
अनूपपुर। सोशल मीडिया के ज़रिए युवतियों को अपने जाल में फँसाकर शादी का झांसा देकर शोषण करने वाले एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवशंकर तिवारी (निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है जो वर्तमान में इंडियन ऑयल कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने कोतवाली अनूपपुर में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि दो वर्ष पूर्व फेसबुक पर आरोपी ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और मित्रता कर ली। फिर आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार अनूपपुर में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह की बात की तो उसने जातिगत अंतर का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया।
प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 265/25 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री इसरार मंसूरी एवं एसडीओपी सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविन्द जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, एएसआई गोविन्द पनिका एवं प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर अनूपपुर लाया।
अनूपपुर पुलिस की एडवाइजरी – सतर्क रहें सोशल मीडिया पर
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले अजनबी लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करते समय सावधानी बरतें। बिना भलीभांति जानकारी के किसी पर विश्वास करना खतरनाक हो सकता है। सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली आपराधिक गतिविधियों से सतर्क रहना आज की जरूरत है।











