कोयले की ट्रेन में छुपकर सफर कर रहा युवक चलती ट्रेन से गिरा, पैर कटने से गंभीर घायल को आरपीएफ एवं रेलवे स्टाफ ने पहुंचाया जिला चिकित्सालय
अनुपपुर रेलवे स्टेशन में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब कोयले से लदी मालगाड़ी (एन बॉक्स की कपलिंग ) में छुपकर सफर कर रहा युवक चलती ट्रेन से गिर गया। युवक की पहचान संजय वर्मान पिता रामरतन वर्मान, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, कट्टी मोहल्ला, थाना बूढ़ार, जिला शहडोल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अमलाई स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई थी कि कोयले से लदी मालगाड़ी में एक युवक सफर कर रहा है। यह सूचना अमलाई से अनुपपुर आरपीएफ और स्टेशन मास्टर को दी गई, जिसके बाद ट्रेन को अनुपपुर स्टेशन पर रुकने से पहले ही घबरा युवक चलती ट्रेन से कूद पड़ा, जिससे उसका एक पैर कट गया। तत्काल आरपीएफ एसआई जी.डी. शर्मा, प्रधान आरक्षक आर.के. प्रधान एवं रेलवे स्टेशन पर मौजूद स्टाफ ने तत्काल घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया जायेगा । युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
रेलवे व आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि इस प्रकार की खतरनाक यात्रा से बचें, जिससे जान का खतरा न हो।











