कोयले की मालगाड़ी से गिरा युवक, पैर कटने से हुआ गंभीर घायल आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए पहुंचाया जिला चिकित्सालय
अनूपपुर। सोमवार को अनुपपुर रेलवे स्टेशन में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक युवक कोयले से लदी मालगाड़ी की कपलिंग (एन बॉक्स) में छुपकर सफर कर रहा था। चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसका एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान संजय वर्मान पिता रामरतन वर्मान, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, कट्टी मोहल्ला, थाना बूढ़ार, जिला शहडोल के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने अमलाई स्टेशन मास्टर को सूचना दी थी कि कोयले से लदी मालगाड़ी में एक युवक गैरकानूनी रूप से यात्रा कर रहा है। यह सूचना आरपीएफ टीआई मधुलता पात्र एवं अनुपपुर स्टेशन मास्टर को तत्काल दी गई। सूचना मिलते ही ट्रेन के अनुपपुर पहुंचने से पहले युवक घबरा गया और चलती ट्रेन से कूद पड़ा, जिससे उसका एक पैर कट गया।
हादसे के बाद मौके पर आरपीएफ एसआई जी.डी. शर्मा, प्रधान आरक्षक आर.के. प्रधान सहित रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के उपरांत हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
रेलवे एवं आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसे जानलेवा तरीके से यात्रा न करें, जिससे न केवल कानून का उल्लंघन होता है, बल्कि जान का भी खतरा रहता है।











