संविदा शिक्षकों का ऐलान मांग पूरी न होने पर 1 अगस्त 2025 को राजधानी रायपुर में डटेंगे
छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने आज छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ के बैनर तले एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। यह धरना संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव के मार्गदर्शन, बस्तर संभाग अध्यक्ष राहुल कुमार पांडेय के निर्देशन और कोंडागांव जिला अध्यक्ष प्रकर्ष राव पत्की व जिला सचिव यशवंत चौहान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्वामी आत्मानंद स्कूलों से आए संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे व धरने का समर्थन और बल प्रदान करने के लिए छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष ऋषिदेव सिंह जी भी मौजूद थे धरना के माध्यम से संघ ने अपनी दो सूत्रीय प्रमुख मांगों को दोहराया। पहली मांग नियमित वेतन वृद्धि एवं वेतनमान निर्धारण की है, जिसमें शिक्षकों ने बताया कि वे विगत कई वर्षों से पूर्णकालिक सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो वेतनमान मिला है और न ही कोई वार्षिक वेतनवृद्धि सुनिश्चित की गई है। दूसरी मांग शिक्षा विभाग में समावेशन (संविलियन) एवं नियमितीकरण की है, जिसे पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वर्तमान सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था संघ ने मांग की है कि सभी संविदा शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शिक्षा विभाग में समाहित कर नियमित किया जाए, जिससे उन्हें सेवा सुरक्षा मिल सके और वे बिना भय के प्रदेश की शिक्षा गुणवत्ता में योगदान दे सकें











